धमधा (दुर्ग)। साजा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री ईश्वर साहू ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं राजनांदगांव जिला सह प्रभारी, पूर्व पार्षद तथा पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री आरुणी दानी को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की घोषणा के साथ ही धमधा मंडल के भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा समेत अनेक कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने श्री जी पी कॉम्प्लेक्स में एकत्र होकर मिठाइयां बांटीं और श्री दानी को बधाई दी।
इस अवसर पर श्री आरुणी दानी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्रवासियों के मान-सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और मेहनत से जमीनी स्तर पर कार्य करेंगे। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ के मूल मंत्र को अपना मार्गदर्शक बताते हुए सभी के सहयोग से क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
श्री दानी ने कहा कि विगत वर्षों में नगर पंचायत क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार और भेदभाव की घटनाएं बढ़ी थीं, जिससे पात्र हितग्राहियों को उनके हक से वंचित होना पड़ा था। लेकिन अब भाजपा सरकार के मार्गदर्शन में सभी पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत आवास प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।
साथ ही, नगर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को प्राथमिकता से हल करने का वादा भी उन्होंने किया। अंत में श्री दानी ने विधायक श्री ईश्वर साहू का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें विश्वास जताने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वे इस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
